गोगरी में दिव्यांग जनों की बैठक आयोजित, पेंशन में देरी और विवाह सहयोग योजना की समस्याओं पर हुई चर्चा

खगड़िया। जिले के गोगरी जमालपुर स्थित रजिस्ट्री मोड़ दुर्गा स्थान परिसर में दिव्यांग जनों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिव्यांग पेंशन में हो रही देरी, सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाने तथा शादीशुदा दिव्यांग जनों को मिलने वाली सहयोग राशि में आ रही परेशानियों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित दिव्यांग जनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित कई योजनाओं की जानकारी सही समय पर लाभुकों तक नहीं पहुंच पाती है, जिसके कारण बड़ी संख्या में दिव्यांगजन लाभ से वंचित रह जाते हैं। वहीं पेंशन राशि समय पर नहीं मिलने से दिव्यांगजन आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

संघ के जिला अध्यक्ष पवन कुमार पासवान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा शादीशुदा दिव्यांग जनों को एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की जाती है, लेकिन इस योजना का लाभ लेने के लिए विवाह निबंधन अनिवार्य होने के कारण कई दिव्यांगजन कठिनाइयों का सामना करते हैं। उन्होंने कहा कि निबंधन प्रक्रिया में अधिक खर्च होने और जागरूकता की कमी के कारण अधिकांश जरूरतमंद दिव्यांगजन इस योजना का लाभ नहीं उठा पाते हैं।

उन्होंने समाज के जागरूक लोगों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि दिव्यांग जनों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने में सहयोग करें ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। साथ ही सरकार से मांग की कि विवाह निबंधन की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि सभी पात्र दिव्यांगजन बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

वहीं संघ के जिला सचिव दिलीप पासवान ने सरकार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि दिव्यांगजन को समय पर पेंशन नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है, क्योंकि पेंशन ही कई दिव्यांग परिवारों के जीवनयापन का मुख्य सहारा है।

बैठक में दिव्यांग जनों के अधिकारों की रक्षा, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आने वाले समय में जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर संदीप कुमार, सुजीत कुमार, रामदेव कुमार, राहुल कुमार, सुरेश मंडल, विनय कुमार मिश्रा, ब्रजेश कुमार सहित कई कार्यकर्ता एवं दिव्यांगजन उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, गोगरी 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

079447
Users Today : 2
Users Yesterday : 196