6.73 लाख की लूट मामले में डीआईयू व नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तकनीकी जांच से मिली सफलता; फरार साथी की तलाश जारी
खगड़िया। करीब दो वर्ष पहले ग्रामीण कोटा माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी से दिनदहाड़े 6 लाख 73 हजार रुपये की लूट मामले में खगड़िया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम ने इस चर्चित लूटकांड में जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब उसके फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि 3 अक्टूबर 2023 को नगर थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज टर्निंग के समीप ग्रामीण कोटा माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी से बाइक सवार दो सशस्त्र अपराधियों ने 6.73 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद शाखा प्रबंधक दिनेश कुमार के बयान पर नगर थाना कांड संख्या 1025/23 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
मोबाइल सीडीआर और तकनीकी जांच से खुला राज
एसपी ने बताया कि लंबी जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त बाइक तथा अपराधियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने जयप्रकाश नगर (कमलपुर), वार्ड संख्या-22 निवासी नवीन कुमार सिंह के पुत्र अंशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अंशु कुमार ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। तकनीकी साक्ष्यों से भी उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई है।
टॉप-10 अपराधियों में शामिल है आरोपी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अंशु कुमार जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल है। उसके खिलाफ नगर थाना में कांड संख्या 243/04, 563/13, 266/17, 758/17 और 1025/23 सहित विभिन्न गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी
पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार अपराधी की गिरफ्तारी के साथ ही इस बहुचर्चित लूटकांड का पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा।
एसपी भानु प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में संगठित अपराध और फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 51
Users Yesterday : 56