राहत शिविरों में भी चलेगी पढ़ाई, बच्चों की सुरक्षा, पोषण और वैकल्पिक शिक्षा पर विशेष जोर; 9 जुलाई को होगा विशेष प्रशिक्षण
खगड़िया। मानसून की सक्रियता और संभावित बाढ़ को देखते हुए शिक्षा विभाग ने खगड़िया समेत बिहार के 28 बाढ़ प्रभावित जिलों में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। समग्र शिक्षा अभियान एवं बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों के विद्यालयों के लिए 16 सूत्री विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए जिला शिक्षा अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया है। उद्देश्य यह है कि आपदा की स्थिति में भी बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
राज्य परियोजना निदेशक प्रशांत कुमार ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (डीपीओ) को निर्देश दिया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के विद्यालयों में सुरक्षा, वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था, राहत शिविरों में शिक्षा, स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सभी इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
बच्चों को सिखाए जाएंगे बाढ़ से बचाव के तरीके
विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को बाढ़ के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जाएगी। उन्हें बताया जाएगा कि बाढ़ आने पर क्या करें और क्या नहीं करें, डूबने से कैसे बचें, नाव यात्रा के दौरान किन बातों का ध्यान रखें तथा आपदा के समय सुरक्षित रहने के उपाय क्या हैं। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों की किताबें, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्री सुरक्षित रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।
दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था
एडवाइजरी में विशेष आवश्यकता वाले (दिव्यांग) बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है। ऐसे बच्चों के लिए आवश्यक संसाधन और सहायता पहले से उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि बाढ़ के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
राहत शिविरों में भी जारी रहेगी पढ़ाई
यदि बाढ़ के कारण राहत शिविर संचालित किए जाते हैं तो वहां बच्चों की शिक्षा बाधित नहीं होगी। शिविरों में स्वच्छ पेयजल, हाथ धोने की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार किट, मध्याह्न भोजन के लिए खाद्यान्न, गैस सिलेंडर तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बाढ़ का पानी उतरने के बाद विद्यालयों की साफ-सफाई, मरम्मत और बच्चों की शत-प्रतिशत वापसी सुनिश्चित करने के लिए विशेष नामांकन एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
9 जुलाई को होगा ऑनलाइन प्रशिक्षण
बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों को और प्रभावी बनाने के लिए 9 जुलाई को खगड़िया सहित राज्य के 28 बाढ़ प्रभावित जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं बीआरपी का ऑनलाइन उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बाढ़ पूर्व तैयारी, राहत प्रबंधन और पुनर्वास कार्यों को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
डीईओ बोले— किसी भी हाल में पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गौंड ने कहा कि खगड़िया बाढ़ प्रभावित जिलों में शामिल है। ऐसे में विद्यालयों की सुरक्षा, बच्चों की निरंतर पढ़ाई और आपदा के समय त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और विद्यालय प्रधानों को राज्य मुख्यालय के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने को कहा गया है, ताकि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 51
Users Yesterday : 56