उत्तम कुशवाहा ने कहा- देरी से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित, कुलपति ने 20 अगस्त तक परिणाम जारी करने का दिया आश्वासन
बोधगया। मगध विश्वविद्यालय में बीएड सत्र 2024-26 के परीक्षा परिणाम के प्रकाशन में हो रही देरी को लेकर छात्र जदयू ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द परिणाम जारी करने की मांग की है। छात्र जदयू, मगध विश्वविद्यालय के अध्यक्ष उत्तम कुशवाहा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति से मुलाकात कर विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत कराया और इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।

उत्तम कुशवाहा ने कहा कि बीएड सत्र 2024-26 की परीक्षा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक परिणाम जारी नहीं किया गया है। इससे हजारों विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य पर असर पड़ रहा है। रिजल्ट नहीं आने के कारण छात्रों को आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं, शिक्षक नियुक्ति समेत विभिन्न शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी प्रक्रियाओं में परेशानी हो रही है।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित को ध्यान में रखते हुए लंबित परीक्षा परिणाम जल्द जारी करने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि निर्धारित समय में परिणाम जारी नहीं किया गया तो छात्र जदयू विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
छात्र जदयू की मांगों को सुनने के बाद मगध विश्वविद्यालय के कुलपति ने आश्वासन दिया कि बीएड सत्र 2024-26 का परीक्षा परिणाम 20 अगस्त तक प्रकाशित कर दिया जाएगा। कुलपति के आश्वासन के बाद छात्र जदयू ने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय प्रशासन समय-सीमा के भीतर परिणाम जारी कर विद्यार्थियों को राहत देगा।
उत्तम कुशवाहा ने कहा कि छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य से जुड़े मुद्दों पर छात्र जदयू उनकी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेगा।
मौके पर मगध विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष रोशन कुमार, अनिल कुमार, सत्यम, सत्यम सिंह, चंद्रगुप्त, सुबोध सिंघानिया, विपिन चौधरी, प्रिंस कुमार सहित छात्र जदयू के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
रिपोर्ट: धीरज गुप्ता, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"









Users Today : 66
Users Yesterday : 27