बिहार पत्रिका डिजिटल, CM Nitish Kumar inaugurated police buildings : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 342.31 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित विशेष सुरक्षा दल भवन पटना, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय गया, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) एवं 74 थाना भवन सहित कुल 174 पुलिस/गृह रक्षा वाहिनी/अग्निशमन भवनों का उद्घाटन किया। साथ ही 684.17 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले 108 थाना भवनों सहित कुल 150 पुलिस भवनों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सबसे पहले 5, हार्डिंग रोड स्थित नवनिर्मित बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के कार्यालय भवन तथा केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) कार्यालय के भवन का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन का तथा परिसर का निरीक्षण भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह पथ स्थित नवनिर्मित विशेष सुरक्षा दल केंद्र में रिमोट के माध्यम से 173 पुलिस/गृह रक्षा वाहिनी/अग्निशमन भवनों का उद्घाटन तथा 150 पुलिस भवनों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने विशेष सुरक्षा दल के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधारोपण भी किया।
सभी थानों में हमेशा फंक्शनल रखें लैंडलाइन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सभी थानों में लैंडलाइन की व्यवस्था को दुरुस्त कराया है ताकि पता चल सके कि पुलिस अपनी ड्यूटी में तैनात हैं कि नहीं। सभी थानों में लैंडलाइन हमेशा फंक्शनल रखें। पदाधिकारी क्षेत्र में जाकर स्थिति की जानकारी लेते रहें। लोगों की सुरक्षा के लिए रात-दिन पेट्रोलिंग करें और देखते रहें कि कहीं कोई अपराध नहीं करे। उन्होंने कहा कि हम किसी दिन औचक निरीक्षण में थाना भी पहुंचेंगे। पदाधिकारियों की ड्यूटी का भी हम निरीक्षण करेंगे। अगर किसी आरोपी को पकड़ते हैं तो उसको थाने में ठीक ढंग से रखें। उन्होंने कहा कि हमने जितना सुझाव दिया है उस पर अमल कीजिए और अच्छे से काम कीजिए। जिसको जो काम दिया गया है वो अपना काम ईमानदारी से करें। अगर कोई गड़बड़ करता है तो उस पर कार्रवाई करें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का पुलिस महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम विनय कुमार ने हरित पौधा एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम की स्मारिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के दौरान बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 19
Users Yesterday : 18