बिहार पत्रिका डिजिटल, Dhirendra Krishna Shastri News : बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार VVIP के लिए रविवार रात दो बजे सजा। आम लोगों की दिव्य दरबार में एंट्री नहीं थी। केवल VVIP और खास लोग ही दिव्य दरबार में शामिल हुए। इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पंडित धीरेंद्र शास्त्री सोफे पर बैठे हैं। उनके पास ही पर्ची वाली ट्रे रखी है।
धीरेंद्र शास्त्री के इस दिव्य दरबार में कुछ चुनिंदा मंत्री, नेता और कुछ बिजनेसमैन शामिल हुए थे। बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पटना के होटल पनाश में ही रात दो बजे से लेकर साढ़े तीन बजे तक यह दिव्य दरबार लगाया था। उसमें लोगों की पर्ची भी निकाली और भभूति भी बांटी। साथ ही जो समस्या थी उसका भी समाधान बताया।
इधर, देर रात बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर ने धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात की। दरबार पर उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन और आयोजकों में कोआर्डिनेशन सही से हो जाएगा तो फिर से दिव्य दरबार आयोजन की घोषणा हो सकती है।
वहीं जानकारी के मुताबिक होटल पनाश के आठवें तल्ले पर रात को दो बजे से साढ़े तीन बजे तक दरबार लगाया गया। जहां शहर के कई बड़े अधिकारी और जज पहुंचे थे। लगभग 200 की संख्या में VVIP यहां पहुंचे थे। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने एक-एक से मुलाकात की । विभूति देकर कहा कि जब आप इसे लगाएं तो लहसुन-प्याज, मांसाहार का सेवन न करें। इससे भगवान नाराज होते हैं। साथ ही सभी मिलने वाले VIP श्रद्धालुओं से बागेश्वर धाम आने को कहा।
इधर लोगों की भीड़ को देखते हुए आज आम लोगों के लिए लगने वाला दिव्य दरबार कैंसिल कर दिया गया था। कल के कथा के दौरान गर्मी के कारण 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद दरबार कैंसिल कर दिया गया था, लेकिन सोमवार को दिन में आम भक्तों के लिए दरबार लगाया गया।
धीरेंद्र शास्त्री ने दूसरे दिन की कथा में कहा कि कल दिव्य दरबार है। कोई अनहोनी न हो जाए, इसकी मुझे शंका है। भीड़ और गर्मी ज्यादा है। इसे देखते हुए दिव्य दरबार को विराम देना पड़ेगा। अगली बार जब आएंगे तो दरबार लगाएंगे। उन्होंने कहा कि जो जहां हैं वहीं रहे। घर पर ही टीवी, यूट्यूब के माध्यम से कथा का श्रवण करें। कथा सबके कल्याण के लिए है।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 32
Users Yesterday : 45