बिहार पत्रिका/पटना(Flood in Bihar): नेपाल में हो रही भारी बारिश से बिहार में बाढ़ ने दस्तक दे दी है। पूर्वी चंपारण जिले में सूख गई लालबकेया नदी में अचानक पानी आने से ढाका प्रखंड के फुलवरिया घाट पर बना डायवर्सन क्षतिग्रस्त हो गया।
इससे पूर्वी चंपारण का सीतामढ़ी जिले औक नेपाल से सड़क संपर्क भंग हो गया। वहीं, बागमती नदी में पानी बढ़ने से पूर्वी चंपारण जिले का बेलवा होकर शिवहर सड़क पर आवागमन ठप है। ढाका के फुलवरिया घाट पर डायवर्सन में लगाए गए कई ह्यूमपाइप नदी में बह गए। डायवर्सन क्षतिग्रस्त हो जाने से सड़क पर परिचालन भी ठप हो गया। रविवार सुबह से नदी में नाव का परिचालन शुरू किया गया है।
डायवर्सन क्षतिग्रस्त होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। नदी के इस पार या उस पार आने जाने के लिए या तो नाव सहारा है या फिर पूर्वी चंपारण व सीतामढ़ी जिले की सीमा को जोड़नेवाले जमुआ घाट पर बने पुल से होकर जाना पड़ रहा है। इसके लिए लोगों को दो से तीन किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए करीब बीस किलोमीटर का फेरा लग रहा है। हालांकि नदी के जलस्तर में काफी कमी आई है। सात फीट पानी आने की बात बताई गई है। पिछले दो ढाई महीने से नदी सूख चुकी थी।
पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड के देवापुर बेलवा घाट से गुजरने वाली बागमती नदी में अचानक शनिवार की दोपहर से पानी में तेजी से बढ़ोतरी होने लगी जो देर रात्रि तक जारी रही। यहां बागमती नदी के खतरा का निशान 61.28 है, जबकि शनिवार रात तक नदी का जलस्तर 60.86 पहुंच चुका था। जलस्तर बढ़ने से मोतिहारी-शिवहर पथ पर पानी फैल गया। जिससे उक्त पथ से गाड़ियों का आवागमन बाधित हो गया। हालांकि रविवार की सुबह से जलस्तर घटने लगा है। लेकिन मुख्य पथ पर अभी भी कीचड़ व हल्का पानी होने से आवागमन बाधित है।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 32
Users Yesterday : 45