राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गया जिले को मिला गौरव, पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव प्रबंधन की हुई सराहना

Bihar News, गया जी — 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी 2026) के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में गया जिले को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राज्यस्तरीय बेस्ट चुनावी प्रक्रिया अवार्ड से गया के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी शशांक शुभंकर तथा अपर जिलाधिकारी (राजस्व) परितोष कुमार को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गया जिले को बेस्ट डीईओ (District Election Officer) अवार्ड के लिए चयनित किया गया। यह सम्मान जिले में चुनावी प्रक्रिया के सफल, पारदर्शी, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन, व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों तथा उत्कृष्ट निर्वाचन प्रबंधन के लिए प्रदान किया गया है। इसके साथ ही चुनावी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए एडीएम परितोष कुमार को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डीएम शशांक शुभंकर ने जिलेभर के मतदाताओं, निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों, पुलिस प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों के कारण ही गया जिला लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि गया जिले के अंतर्गत सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न हुआ, जो जिले के लिए गर्व की बात है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी कहा कि बिहार विधानसभा आम निर्वाचन–2025 के दौरान गया जिले में मतदाता सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मतदान प्रतिशत में यह बढ़ोतरी जिले में चलाए गए मतदाता जागरूकता अभियानों और सुदृढ़ निर्वाचन प्रबंधन की सफलता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
राज्यस्तरीय सम्मान मिलने से जिला प्रशासन और निर्वाचन से जुड़े सभी कर्मियों में उत्साह का माहौल है।
रिपोर्ट: धीरज गुप्ता, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"





Users Today : 28
Users Yesterday : 91