कहा— स्मार्ट मीटर सुरक्षित, पारदर्शी और उपयोगी, बिजली खपत की मिलती है सही जानकारी
जहानाबाद — जिले में द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं, जिसमें पंचायत प्रतिनिधि भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं।

इसी कड़ी में सिकरिया पंचायत की महिला मुखिया पूनम देवी ने एक मिसाल पेश करते हुए अपने निजी आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठान में स्मार्ट मीटर इंस्टॉल करवाया है। मुखिया पूनम देवी ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं को किसी प्रकार के भ्रम में नहीं रहना चाहिए। यह पूरी तरह सुरक्षित, सटीक और उपभोक्ता हितैषी है। स्मार्ट मीटर से बिजली खपत की तात्कालिक और सही जानकारी मिलती है, जिससे बिजली उपयोग पर बेहतर नियंत्रण संभव होता है। उन्होंने पंचायतवासियों से अपील की कि वे भी आगे आकर स्मार्ट मीटर लगवाएं।
वहीं, मुखिया प्रतिनिधि संजय कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल स्वचालित रूप से तैयार होता है। उन्होंने कहा कि उनका भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान है और स्मार्ट मीटर के लिए उपलब्ध बिहार ऊर्जा स्मार्ट मीटर ऐप के माध्यम से लोड मैनेजमेंट सहित कई सुविधाएं मिल रही हैं, जो उपभोक्ताओं के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं।
बताया गया कि भारत सरकार के निर्देश पर 9 से 23 फरवरी 2026 तक देशभर में “स्मार्ट मीटर पखवाड़ा” का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाना है। इसी क्रम में जहानाबाद जिले के मुठेर और सेवनन पंचायत के मुखिया भी अपने-अपने पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीणों को स्मार्ट मीटर के फायदे और सही उपयोग की जानकारी देंगे।
मुठेर पंचायत के मुखिया ने कहा कि उपभोक्ताओं के बीच फैली भ्रम और विरोध की स्थिति को दूर करना जरूरी है। स्मार्ट मीटर सरकार की एक अच्छी पहल है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के अनुसार बिल मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों सहित सभी ग्रामीणों का सहयोग जरूरी है।
स्मार्ट मीटर को लेकर पंचायत स्तर पर शुरू हुई यह पहल अब जिले में जागरूकता का उदाहरण बनती जा रही है।
रिपोर्ट: धीरज गुप्ता, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 12
Users Yesterday : 13