सगे भाई को ‘अविवाहित मृत’ दिखाकर करोड़ों की जमीन हड़पी?

वंशावली से बहन का नाम गायब, फर्जी दस्तावेज़ के सहारे जमाबंदी कराने का आरोप

सुपौल (त्रिवेणीगंज)। जिले के मानगंज पश्चिम पंचायत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सगे भाई को अविवाहित और संतानहीन दिखाकर पारिवारिक संपत्ति बेचने का गंभीर आरोप लगा है। इतना ही नहीं, वंशावली में सगी बहन का नाम भी शामिल नहीं किए जाने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, मानगंज पंचायत वार्ड संख्या 8, गांव दतुआ निवासी स्व. मोहम्मद मुख्तार खां के दो पुत्र थे—शफीक खां और रफीक खां। शफीक खां के दो पुत्र मोहम्मद गफ्फार और अब्दुल सत्तार तथा एक पुत्री जमीला खातून हैं, जबकि रफीक खां की एक पुत्री रैबूल खातून बताई जाती हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, रफीक खां की मृत्यु के बाद उनकी पुत्री रैबूल खातून को कथित रूप से प्रताड़ित कर घर से भगा दिया गया। उनका पालन-पोषण ननिहाल में हुआ और वहीं से उनकी शादी भी कराई गई।

बताया जाता है कि मुख्तार खां के पास करीब 11 बीघा जमीन थी। उनके निधन के बाद शफीक खां ने शेष जमीन की बिक्री शुरू कर दी। आरोप है कि रैबूल खातून को जब इसकी जानकारी मिली, तब तक तीन बीघा से अधिक जमीन बेची जा चुकी थी। इसके बाद रैबूल खातून ने वर्ष 1989 में अपने हिस्से की 19 कट्ठा जमीन (खाता 627, खेसरा 2422 में 09 कट्ठा एवं खाता 625, खेसरा 2460-2462-2463 में 10 कट्ठा) मोहम्मद जलालुद्दीन, मोहम्मद इदरीश और मोहम्मद उस्मान के हाथों बिक्री की।

आरोप है कि इसके बाद वर्ष 1990 में शफीक खां ने अपनी पत्नी बीवी खैतून निशा के नाम 14 कट्ठा जमीन रजिस्ट्री कर दी और शेष जमीन को फर्जी वंशावली तैयार कर अपने पुत्रों मोहम्मद सत्तार और अब्दुल गफ्फार के नाम जमाबंदी संख्या 3495 के तहत दर्ज करा लिया।

सबसे गंभीर आरोप यह है कि इस कथित फर्जी वंशावली में शफीक खां की पुत्री जमीला खातून का नाम शामिल नहीं किया गया। वहीं रफीक खां की पुत्री रैबूल खातून को भी अधिकार से वंचित किया गया।

मामले में जमीन खरीदने वाले पक्ष ने अंचल अधिकारी को आवेदन देकर फर्जी वंशावली की जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अंचल अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि दस्तावेज़ों में गड़बड़ी पाई जाती है तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

अब पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

रिपोर्ट: पप्पू आलम, दैनिक बिहार पत्रिका 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083016
Users Today : 38
Users Yesterday : 91