विधानसभा और विधान परिषद में प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण और कई विभागों के बजट पर होगी चर्चा
पटना। बिहार विधान मंडल के बजट सत्र के 10वें दिन सोमवार को सदन की कार्यवाही महत्वपूर्ण रहने वाली है। विधानसभा में अल्पसूचित और तारांकित प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे। साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े ध्यानाकर्षण पर सरकार जवाब देगी।
देवेश कांत सिंह, मंजीत कुमार सिंह समेत पांच विधायकों द्वारा कृषि विभाग से जुड़े मुद्दों पर लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर सरकार अपना पक्ष रखेगी। वहीं दुलाल चंद्र गोस्वामी, सतीश कुमार साह और अन्य छह विधायकों के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से संबंधित ध्यानाकर्षण पर भी जवाब दिया जाएगा।
सदन में दक्षिण बिहार बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) के वित्तीय वर्ष 2021-22 और 2022-23 के वार्षिक प्रतिवेदन की प्रति पटल पर रखी जाएगी। विधानसभा की दूसरी पाली में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, आपदा प्रबंधन, विधि, परिवहन और योजना एवं विकास विभागों के बजट पर वाद-विवाद होगा।
विधान परिषद में प्रश्नकाल के दौरान कई अहम मुद्दे उठाए जाएंगे। भीष्म साहनी पश्चिम चंपारण जिले के पगहा शास्त्रीनगर से उत्तर प्रदेश के बलवनिया को जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल निर्माण को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। निवेदिता सिंह समेत चार विधान पार्षद रोहतास जिले के सासाराम नगर निगम क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस से गौरक्षणी तक पटना-आरा पथ पर क्षतिग्रस्त पुराने पुल के स्थान पर नए पुल निर्माण की मांग उठाएंगी।
प्रो. वीरेन्द्र नारायण यादव राज्य में कृषि आधारित रोजगार बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए स्वतंत्र बागवानी विभाग के गठन का मुद्दा उठाएंगे। वहीं गयाजी के बाराचट्टी प्रखंड के सरवां पंचायत स्थित छोटी पोखर को अतिक्रमण मुक्त कर उसके सौंदर्यीकरण से जुड़े ध्यानाकर्षण पर ग्रामीण विकास विभाग की ओर से जवाब दिया जाएगा।
विधान परिषद की दूसरी पाली में राजस्व एवं भूमि सुधार, खान एवं भूतत्व, नगर विकास एवं आवास, कला संस्कृति, खेल तथा पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभागों के बजट पर विस्तृत चर्चा होगी।
बजट सत्र के इस दिन विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाब और आगामी योजनाओं की दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, पटना
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"






Users Today : 40
Users Yesterday : 51