परबत्ता (खगड़िया)। खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय सौढ, भरतखण्ड में शनिवार को “सुरक्षित शनिवार” कार्यक्रम के अंतर्गत अगलगी की घटनाओं से बचाव एवं आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आग लगने के कारणों, उससे होने वाले नुकसान तथा बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया।

प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि अगलगी की घटनाओं से हर वर्ष भारी मात्रा में जान-माल की क्षति होती है। ऐसे में लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सुरक्षा संबंधी जानकारी दें।
शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आग मानव जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही इसे विनाशकारी बना सकती है। उन्होंने कहा कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और समझदारी से काम लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यदि कहीं आग लग जाए तो सबसे पहले जोर-जोर से “आग-आग” चिल्लाकर आसपास के लोगों को सतर्क करें। यदि आग छोटी हो तो पानी, रेत अथवा अग्निशामक यंत्र की सहायता से उसे बुझाने का प्रयास करें। गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में सीधे पानी का प्रयोग नहीं करना चाहिए, बल्कि गीले कपड़े या कंबल से ढंककर आग पर नियंत्रण करने का प्रयास करना चाहिए।
विद्यार्थियों को आग से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के कपड़ों में आग लग जाए तो उसे दौड़ना नहीं चाहिए, बल्कि “रुको, लेटो और लुढ़को” (Stop, Drop and Roll) की नीति अपनानी चाहिए। अधिक धुआं होने की स्थिति में नीचे झुककर या रेंगते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि आपात स्थिति में तुरंत 101 या 112 नंबर पर कॉल कर अग्निशमन विभाग एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचना देनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को घरेलू सुरक्षा संबंधी कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। उन्हें बताया गया कि घर के आसपास की सूखी झाड़ियों को समय-समय पर साफ करें, ज्वलनशील वस्तुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें, खुली लौ के पास कोई वस्तु न छोड़ें तथा बच्चों को रसोई गैस, स्टोव, हीटर और अन्य गर्म उपकरणों से दूर रखें।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान, शिक्षक सिद्धार्थ कुमार, निरंजन कुमार, रामविनोद साह, रामलाल पंडित, मीनाक्षी कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने अग्नि सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों को गंभीरता से सुना और भविष्य में इन उपायों को अपनाने का संकल्प लिया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में सही निर्णय लेकर स्वयं और दूसरों की रक्षा कर सकें।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 16
Users Yesterday : 24