दैनिक बिहार पत्रिका। पटना। बिहार के शहरी विकास को नई दिशा देने की कड़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की 286 करोड़ रुपये की लागत वाली 157 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से 239 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 114 योजनाओं का उद्घाटन तथा 47 करोड़ रुपये की 43 नई योजनाओं का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिहार के शहरों को आधुनिक, स्वच्छ और विश्वस्तरीय बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के विजन को साकार करने के लिए शहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत 2.0 योजना के तहत 11.44 करोड़ रुपये की लागत से ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पर आधारित लोकनायक जयप्रकाश नारायण पार्क का निर्माण कराया जाएगा। इस पार्क में जेपी के जीवन और योगदान को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे यह स्थल पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि नमामि गंगे परियोजना के तहत पटना के अधिकाधिक घरों को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सब्जी हाट योजना भी लागू की जाएगी, जिससे बाजार व्यवस्था बेहतर होगी और यातायात में भी सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, जेपी गंगा पथ, पार्किंग, ग्रीन एरिया, उद्यान और वॉकिंग पाथ-वे जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है। वहीं रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 50 आधुनिक दुकानों का शिलान्यास और 200 प्रीफैब्रिकेटेड दुकानों का उद्घाटन भी किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भविष्य की महत्वाकांक्षी योजना ‘पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि लगभग 66 हजार एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस टाउनशिप में अंतरराष्ट्रीय स्तर की आवासीय, स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यवसाय और मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के प्रत्येक शहर को विकास, स्वच्छता और सुशासन का मॉडल बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से पटना समेत राज्य के सभी शहरों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और बिहार शहरी विकास के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, संवाददाता
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 54
Users Yesterday : 32