बेलदौर के कैजरी में वृंदावन के प्रमोद व्यास जी महाराज ने सुनाई अमृतमयी कथा, धार्मिक झांकियों ने मोहा मन
बेलदौर (खगड़िया)। बेलदौर प्रखंड के कैजरी पंचायत भवन परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। वृंदावन से पधारे प्रख्यात कथा वाचक प्रमोद व्यास जी महाराज के श्रीमुख से भागवत कथा का श्रवण करने के लिए दूर-दराज के गांवों से हजारों श्रद्धालु यज्ञ स्थल पहुंचे। पूरे परिसर में दिनभर “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालु भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा में सराबोर दिखाई दिए। लगातार तीसरे दिन श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।

251 कन्याओं की कलश यात्रा से हुआ था शुभारंभ
इस भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ 251 कुमारी कन्याओं की विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ था। जिला परिषद अध्यक्ष सह प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर कथा मंच का उद्घाटन किया। वैदिक विद्वान पंडित निरंजन झा के मंत्रोच्चार के बीच काली कोसी नदी से पवित्र जल लेकर निकली कलश यात्रा गरहा, मुसहरी, बलुआ मुसहरी, घाट मुसहरी सहित विभिन्न गांवों और चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए यज्ञ स्थल पहुंची। शोभायात्रा में घोड़े, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े और सैकड़ों वाहनों की मौजूदगी से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा।
‘भागवत कथा आत्मा को मोक्ष का मार्ग दिखाती है’
व्यासपीठ से कथा वाचन करते हुए प्रमोद व्यास जी महाराज ने सतयुग, त्रेतायुग, द्वापर और कलयुग का महत्व विस्तार से बताते हुए कहा कि देवताओं का अमृत केवल शरीर को अमर बना सकता है, लेकिन श्रीमद्भागवत का अमृत मनुष्य की आत्मा को मोक्ष प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम-से-कम एक बार श्रद्धा और विश्वास के साथ भागवत कथा का श्रवण अवश्य करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा तथा रात 9 बजे से 10 बजे तक वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियों की आकर्षक प्रस्तुति की जा रही है। कलाकार रोशनी कुमारी की मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं।
भागवत कथा समाज में प्रेम, शांति और संस्कार का संदेश देती है : कृष्णा कुमारी यादव
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना का संचार करने का माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ऐसे धार्मिक आयोजनों में भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में रणवीर कृष्णा द्वारा भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया है।
उन्होंने कहा, “आप लोगों के सुख-दुख और हर छोटे-बड़े कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही मैं उसमें शामिल होने का प्रयास करती हूं। रात 12 बजे भी आपका फोन उठाकर समस्या के समाधान का प्रयास करती हूं, क्योंकि मुझे आप सभी का आशीर्वाद प्राप्त है।”
यजमान की भूमिका निभा रहे हैं दंपति
इस धार्मिक आयोजन में पत्रकार सुमलेश कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी रिंकू कुमारी तथा रविन्द्र कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी यजमान की भूमिका निभा रहे हैं। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचकर भागवत कथा का श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
रिपोर्ट: सुमलेश कुमार, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 75
Users Yesterday : 42