
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के अकाहा ढाला स्थित बन कट्टा मोड़ के पास गंगा की उपधारा में स्नान करने के दौरान दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान पसहारा थाना क्षेत्र के तेलियाबथान गांव निवासी इतबारी मंडल के 16 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार और 14 वर्षीय पुत्र जयजय राम कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि दोनों भाई स्नान करने के लिए गंगा की उपधारा में उतरे थे। इसी दौरान गोविंद कुमार गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख जयजय राम उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया, लेकिन वह भी गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते दोनों भाई पानी में लापता हो गए।
सूचना मिलते ही सीओ हरिनाथ राम, आपदा मित्र एवं स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकालकर परबत्ता सीएचसी लाया गया, जहां डॉ. आशुतोष कुमार ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर गोगरी एसडीओ संजय कुमार एवं एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर सीएचसी पहुंचे। परबत्ता पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया भेज दिया। वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया। मौके पर सीओ हरिनाथ राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








