
बौंसी/बांका। मंदारगिरी पर्वत शिखर पर स्थित भगवान वासुपूज्य स्वामी के प्रसिद्ध जैन मंदिर में चोरी की घटना से जैन समाज और मंदिर प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। धार्मिक आस्था के इस महत्वपूर्ण केंद्र में चोरों ने मंदिर के कार्यालय से लेकर मुख्य प्रवेश द्वार, काउंटर और गुप्त भंडार तक को अपना निशाना बनाया। घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो वहां का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल बौंसी स्थित मंदिर कार्यालय को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंधन के लोग मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की जांच की गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। जांच के दौरान मंदिर परिसर में कई स्थानों के ताले टूटे मिले। बताया जा रहा है कि आधे दर्जन से अधिक तालों को तोड़ा गया है। चोरों ने मंदिर के कार्यालय, मुख्य प्रवेश द्वार, खड्गासन मंदिर के गेट, काउंटर और गुप्त भंडार तक पहुंचने की कोशिश की। परिसर में सामान इधर-उधर बिखरा हुआ पाया गया। चोरी को अंजाम देने के तरीके से यह आशंका जताई जा रही है कि चोर मंदिर परिसर के अंदर काफी समय तक मौजूद रहे होंगे। हालांकि, चोरी में कितनी नकदी या अन्य संपत्ति गई है, इसका वास्तविक आकलन अभी नहीं हो पाया है। मंदिर प्रबंधन की ओर से सामान और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। घटना सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। मंदारगिरी पर्वत जैन समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक और आस्था का केंद्र है। ऐसे स्थान पर बार-बार चोरी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है। मंदिर से जुड़े लोगों का कहना है कि पूर्व में भी जैन मंदिर में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी मामले में चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से श्रद्धालुओं और समाज के लोगों में नाराजगी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मंदिर परिसर और आसपास के संभावित सुरागों को खंगाला जा रहा है। अब निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं कि आखिर धार्मिक स्थल में चोरी करने वाले अपराधी कौन हैं और वे कब तक कानून के शिकंजे में आते हैं। मंदारगिरी के पवित्र शिखर पर हुई इस चोरी ने एक बार फिर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









