
आनंदपुर थाना क्षेत्र के बिराजपुर गांव की घटना, इलाज के दौरान चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार
चांदन/बांका/आनंदपुर:- आनंदपुर थाना क्षेत्र के बिराजपुर गांव में सर्पदंश से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिराजपुर गांव निवासी कामदेव यादव के पुत्र कृषव कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां गुड़िया देवी अपने बेटे की मौत की खबर सुनते ही दहाड़ मारकर रोने लगीं।मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कृषव कुमार की मां गुड़िया देवी तीज व्रत में थीं और घर में अन्य परिजनों के साथ जमीन पर सोई हुई थीं। बताया जाता है कि रात करीब दो बजे कृषव अपनी मां के पास आकर सो गया। सुबह करीब चार बजे उसने पेट में दर्द होने की शिकायत मां से की। इसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोशी की अवस्था में चला गया।बालक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन और आसपास के लोग घबरा गए तथा इसकी वजह तलाशने लगे। इसी दौरान घर की दीवार में एक विषैला सांप छिपा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों को सर्पदंश की आशंका हुई और आनन-फानन में बालक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया ले जाया गया। कटोरिया अस्पताल में चिकित्सकों ने बालक का उपचार किया, लेकिन उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर देवघर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया।हालांकि बच्चे की मौत की बात परिजनों को सहजता से स्वीकार नहीं हो रही थी। इसके बाद परिजन उसे झाड़-फूंक कराने के लिए भैरोगंज भी लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।मृतक के मामा प्रदीप यादव ने कहा कि विधि का विधान कोई टाल नहीं सकता। बताया गया कि कृषव कुमार दो भाई-बहनों में था। घटना के समय उसके दादा-दादी तीर्थ यात्रा पर गए हुए हैं। इसी बीच परिवार पर यह दुखद घटना घट गई।बताया जा रहा है कि परिजन पोस्टमार्टम कराने अथवा किसी प्रकार की सहायता लेने के लिए तैयार नहीं हुए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।











