
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र मे फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत रात्रि रक्त संग्रह (NBS) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के सभागार में प्रखंड समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार पंडित ने की।
बैठक में पिरामल टीम के सदस्यों ने रात्रि रक्त संग्रह अभियान की प्रक्रिया, लक्षित समुदाय तथा निर्धारित स्थलों पर जांच किए जाने की आवश्यकता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कशिश ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता फैलाने, अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि फाइलेरिया जैसी बीमारी की रोकथाम के लिए समय पर जांच और लोगों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ प्रशासन, शिक्षा, पुलिस, बाल विकास, जीविका सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
इस दौरान बीडीओ, एमओआईसी, एमओ, सीओ, बीइओ, थाना प्रभारी, बिडब्लूओ, सीडीपीओ, बीएचेम, बीसीएम एवं वीबीडीएस सहित अन्य पदाधिकारी-कर्मी उपस्थित थे। पिरामल के प्रोग्राम लीडर एवं प्रोग्राम ऑफिसर ने भी अभियान से संबंधित जानकारी साझा की।








