
मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत छात्रों को बताया गया ‘गिरें, ढकें और पकड़ें’ का महत्व
परबत्ता (खगड़िया)। खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय सौढ़ भरतखण्ड में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत भूकंप के खतरे और उससे बचाव के उपायों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान ने की, जबकि संचालन शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी गई।

प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान ने बताया कि बिहार औसत से उच्च भूकंप खतरे वाले क्षेत्र में आता है। उन्होंने कहा कि भूकंप से सुरक्षा के लिए आवासीय एवं विद्यालय भवनों के निर्माण में भूकंपीय भवन मानकों का पालन आवश्यक है। भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा पर ध्यान देकर भूकंप से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।

शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने कहा कि भूकंप एक प्राकृतिक आपदा है और इसका पूर्व अनुमान लगाना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि भूकंप के कारण जान-माल का काफी नुकसान हो सकता है, इसलिए लोगों को पहले से ही सुरक्षा उपायों की जानकारी होना जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को भूकंप के दौरान ‘गिरें, ढकें और पकड़ें’ के सुरक्षा उपाय का पालन करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि भूकंप के समय कोई व्यक्ति घर या भवन के अंदर है तो किसी मजबूत मेज या टेबल के नीचे जाकर सिर और गर्दन को हाथों से ढकना चाहिए तथा कंपन रुकने तक सुरक्षित स्थान पर रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति भूकंप के दौरान घर या भवन के बाहर है तो उसे इमारतों, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर किसी खुले स्थान पर चले जाना चाहिए। खिड़कियों, बाहरी दरवाजों, शीशों और कमजोर दीवारों से भी दूरी बनाए रखनी चाहिए, क्योंकि भूकंप के दौरान इनके गिरने का खतरा रहता है।
मलबे के नीचे फंसने की स्थिति में भी विद्यार्थियों को विशेष सावधानी बरतने की जानकारी दी गई। शिक्षक ने बताया कि ऐसी स्थिति में माचिस की तीली नहीं जलानी चाहिए, धूल उड़ाने से बचना चाहिए और अनावश्यक रूप से हिलने-डुलने के बजाय शांत रहना चाहिए। मुंह और नाक को रुमाल या कपड़े से ढककर धूल से बचाव करने की सलाह दी गई।
शिक्षक निरंजन कुमार ने भी बच्चों को भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित तरीके अपनाने की जानकारी दी। उन्होंने सिर की सुरक्षा के लिए मजबूत मेज के नीचे शरण लेने तथा परिस्थिति अनुकूल होने पर सुरक्षित खुले स्थान की ओर जाने के उपायों के बारे में बताया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान, शिक्षक सिद्धार्थ कुमार, रामविनोद साह, मीनाक्षी कुमारी, निरंजन कुमार, रामलाल पंडित, राम आशीष यादव, नवीन कुमार, उत्कर्ष कुमार, सार्थक कुमार, शिवानी कुमारी, संध्या कुमारी, अभिषेक कुमार, साक्षी कुमारी, अंजली कुमारी, महक कुमारी, राजनंदनी कुमारी, कृष्णा कुमार, बन्दों कुमारी, अनुपम कुमारी, साक्षी कुमारी, सोनाली कुमारी सहित विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


Khagaria News: मध्य विद्यालय सौढ़






