खगड़िया/परबत्ता प्रखंड अंतर्गत बंदेहरा पंचायत में काली पूजा के पावन अवसर पर महिला फुटबॉल मैच का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा एवं परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस अवसर पर सांसद और विधायक ने मैदान में मौजूद महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि इससे ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का बेहतर अवसर भी मिलता है। महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और बेटियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने की सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। आयोजन के अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
इस मौके पर आयोजकों ने स्थानीय लोगों से मिले अपार स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद के लिए सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
दैनिक बिहार पत्रिका गुरुदेव कुमार


बंदेहरा में महिला फुटबॉल मैच







