
दीघिया पोखर में स्नान के दौरान हादसा; 12 से 13 वर्ष की थीं तीनों छात्राएं, मध्य विद्यालय में सातवीं-आठवीं कक्षा में करती थीं पढ़ाई
दैनिक बिहार पत्रिका बांका:- शंभूगंज प्रखंड के कसबा पंचायत स्थित शोभनाथपुर गांव में मंगलवार को करमा-धर्मा पर्व के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। वार्ड संख्या 12 के समीप दीघिया पोखर में स्नान करने गई तीन नाबालिग छात्राओं की डूबने से मौत हो गई। घटना शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से गांव में मातम पसर गया। मृत छात्राओं की पहचान शोभनाथपुर निवासी हीरा तांती की पुत्री पुष्पा कुमारी (13), संजीव उर्फ कट्कुन तांती की पुत्री मौसम कुमारी (12) और मन्नू तांती की पुत्री सीमा कुमारी (13) के रूप में हुई है। तीनों गांव के मध्य विद्यालय में सातवीं और आठवीं कक्षा की छात्राएं थीं।
करीब दस सहेलियां गई थीं पोखर
जानकारी के अनुसार, करमा-धर्मा एकादशी पर्व को लेकर तांती टोला में उत्साह का माहौल था। इसी दौरान गांव की करीब दस सहेलियां स्नान करने के लिए गांव से लगभग 200 मीटर उत्तर स्थित दीघिया पोखर पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान मौसम कुमारी अचानक पोखर के गहरे हिस्से में चली गई और डूबने लगी। उसे देखकर पुष्पा और सीमा बचाने के लिए आगे बढ़ीं, लेकिन दोनों भी गहरे पानी में चली गईं। कुछ ही देर में तीनों पानी में डूब गईं।
सहेलियों ने शोर मचाया तो दौड़े ग्रामीण
साथ मौजूद अन्य छात्राओं ने घटना देखकर शोर मचाया और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग पोखर की ओर दौड़े और बच्चियों को बाहर निकालने के लिए पानी में उतर गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों छात्राओं को एक-एक कर पोखर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
एक साथ तीन बच्चियों की मौत से गांव में मातम
जिस तांती टोला में कुछ देर पहले तक करमा-धर्मा पर्व को लेकर उत्साह था, हादसे के बाद वहां मातम पसर गया। तीनों छात्राओं के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। एक ही गांव और विद्यालय की तीन छात्राओं की एक साथ मौत ने पूरे शोभनाथपुर को झकझोर दिया। पर्व के दिन सहेलियों के साथ स्नान करने निकली तीन बच्चियों का वापस घर नहीं लौटना तीन परिवारों के लिए गहरा सदमा बन गया।


सहेली को डूबता देख बचाने








