
बौंसी/बांका:- बौंसी बाजार स्थित एलएनडी प्रोजेक्ट बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं की प्रतिभा को मंच देने वाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभागीय निर्देश के तहत चल रहे “सेवा ही संकल्प अभियान” के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर भाषण प्रतियोगिता कराई गई। कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी वक्तृत्व क्षमता के साथ सांस्कृतिक प्रतिभा का भी प्रदर्शन किया।
स्वागत गीत से हुआ कार्यक्रम का आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं के स्वागत गीत से हुई। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पवन कुमार त्रिभुवन ने मुख्य अतिथि रेजिना हेंब्रम, जिला मंत्री, भाजपा का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान अनन्या झा, शालू कुमारी, हनि कुमारी, रूचिका कुमारी और खुशी कुमारी ने समूह स्वागत गीत के साथ नारी सशक्तिकरण गीत प्रस्तुत किया। संगीत शिक्षक विश्वनाथ ठाकुर ने हारमोनियम, बवन झा ने तबला और बुद्धदेव कुमार ने बांसुरी पर संगत की।

पांच छात्राओं ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
भाषण प्रतियोगिता में कुल पांच छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में वर्ग नवम की छात्रा अनन्या झा ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं वर्ग नवम की शालू सिंह द्वितीय और वर्ग ग्यारहवीं की आकृति कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा वर्ग ग्यारहवीं की कोमल कुमारी ने चौथा और वर्ग नवम की जानकी कुमारी ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
सभी प्रतिभागियों को मिला सम्मान
प्रतियोगिता के बाद सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडली में गिरिधर पासवान, अनुकृति आनंद और सुलेखा चौधरी शामिल रहे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अनन्या झा अब जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्हें आगामी 7 अक्टूबर को DIET, बांका भेजा जाएगा।
शिक्षकों और छात्राओं की रही भागीदारी
कार्यक्रम में विद्यालय से जुड़े शिक्षकों और कर्मियों के साथ बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। मौके पर अंजनी कुमारी, अनंत कुमार, केशव तिवारी, विश्वजीत कुमार, शोभा रानी, प्रभा शंकर पाठक, अजीत कुमार, राजेश कुमार, निखिल सिंह, लाल मोहन पंडित, जिब्राईल अंसारी, कविता कुमारी, जनार्दन यादव और अंकित आनंद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने छात्राओं को अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का अवसर दिया। अब सभी की नजर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अनन्या झा के प्रदर्शन पर रहेगी।










