खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के चकप्रयाग गांव में जहरीला पदार्थ खाने से एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। युवक की पहचान चकप्रयाग गांव निवासी सुनील चौधरी के पुत्र भरत कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि जहरीला पदार्थ खाने के बाद भरत कुमार की तबीयत बिगड़ने लगी। इसकी सूचना 112 नंबर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परबत्ता पहुंचाया।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. आशुतोष कुमार ने युवक का इलाज शुरू किया। चिकित्सक के अनुसार इलाज के बावजूद उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद युवक के परिजन भी चिंतित नजर आए। हालांकि, युवक ने किस परिस्थिति में जहरीला पदार्थ खाया, इसे लेकर खबर लिखे जाने तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी थी। घटना के कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल युवक का इलाज सदर अस्पताल में जारी रहने की जानकारी है।








