
खगड़िया/मडैया थाना क्षेत्र के पिपरालतीफ पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 6 में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है। लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने के कारण सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी जमा होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड में कूड़ा-कचरा जमा रहने से आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत स्तर पर नियमित रूप से साफ-सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए, लेकिन सफाई कर्मियों की सक्रियता नहीं रहने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
कचरे के ढेर से दुर्गंध फैलने के साथ ही लोगों को आवागमन में भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है तथा गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। इससे लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से वार्ड में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित कचरा उठाव की व्यवस्था करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने से रोकने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छता अभियान के बावजूद यदि वार्ड में कचरे का ढेर लगा रहेगा तो इसका उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा। अब लोगों की नजर पंचायत प्रशासन की ओर है कि कब तक सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाती है।










