
अद्वैत मिशन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में जागरूकता कार्यक्रम, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से चार लाख तक शिक्षा ऋण की जानकारी
बांका:- आर्थिक परेशानी के कारण पढ़ाई रुकने या रोजगार की तलाश में युवाओं को भटकने की जरूरत नहीं है। बिहार सरकार की योजनाएं उच्च शिक्षा से लेकर रोजगार की तैयारी तक युवाओं को आर्थिक और कौशल आधारित सहयोग उपलब्ध करा रही हैं। इसी उद्देश्य से बुधवार को अद्वैत मिशन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बांका में जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी, बांका अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में ‘आर्थिक हल, युवाओं को बल’ के तहत संचालित बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना और कुशल युवा कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया गया। जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के प्रबंधक ने विद्यार्थियों को योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ और आवेदन की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी देते हुए अधिक से अधिक योग्य छात्र-छात्राओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बताया गया कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का रास्ता आसान बनाना है। 10वीं, 12वीं या स्नातक के बाद आगे की पढ़ाई करने वाले पात्र विद्यार्थियों को इस योजना के तहत अधिकतम चार लाख रुपये तक की ब्याज रहित राशि उपलब्ध कराने का प्रावधान है। ऐसे विद्यार्थी जो

आर्थिक तंगी के कारण अपनी आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख पा रहे हैं, वे योजना का लाभ लेकर उच्च शिक्षा पूरी कर अपने करियर के लक्ष्य की ओर बढ़ सकते हैं। वहीं, रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि इंटरमीडिएट या स्नातक उत्तीर्ण तथा 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के पात्र बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार तलाशने के दौरान सहायता के रूप में प्रति माह एक हजार रुपये, अधिकतम दो वर्षों तक देने का प्रावधान है। इसके साथ ही उन्हें तीन माह का कुशल युवा कार्यक्रम प्रशिक्षण भी दिया जाता है। कार्यक्रम में कुशल युवा कार्यक्रम को रोजगार की तैयारी से जोड़ते हुए बताया गया कि मैट्रिक या इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को तीन माह का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें कंप्यूटर ज्ञान, भाषा संवाद और व्यवहार कौशल को शामिल किया गया है। इन कौशलों के माध्यम से युवाओं को आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के लिए खुद को तैयार करने में मदद मिल सकती है। जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र की ओर से विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं की जानकारी लेकर आवेदन करें और सरकारी सहायता का उपयोग अपने शिक्षा व रोजगार के लक्ष्य को पूरा करने में करें। जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यही रहा कि आर्थिक कठिनाई किसी विद्यार्थी की पढ़ाई या किसी युवा की रोजगार की तैयारी में बाधा न बने।


BANKA NEWS: उच्च शिक्षा से








