
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- दुर्गा पूजा को लेकर जहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं, वहीं दुर्गा मंदिर से दुवे मंदिर गली तक नाली और गंदगी की समस्या बनी हुई है। इसे देखते हुए पूजा समिति की ओर से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में जेसीबी मशीन लगाकर साफ-सफाई अभियान शुरू कराया गया है। पूजा समिति के अध्यक्ष विक्रम दुबे, सचिव अशोक कुमार शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य रामचंद्र मिस्त्री, प्रिया चंद्र आजाद की देखरेख में जेसीबी मशीन से सफाई एवं गंदगी हटाने का कार्य कराया जा रहा है। समिति का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वार्ड संख्या-4 और 5 सहित दूर-दराज से आने वाले भक्तों के साथ दंडवत करते हुए मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु भी इसी रास्ते से गुजरते हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर के आसपास की गली और नालियों में गंदगी का अंबार लगा है। कई जगह दूषित पानी और कीचड़ जमा रहने से दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।पूजा समिति के सचिव अशोक कुमार शर्मा व अध्यक्ष विक्रम दुबे ने बताया कि समिति द्वारा मंदिर परिसर की सफाई का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन मंदिर के आसपास की गली और नालियों की स्थिति अब भी चिंताजनक है। दुर्गा पूजा के अवसर पर यहां तीन दिनों तक मेला भी आयोजित होता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में प्रशासन को भी आगे बढ़कर आसपास की गलियों और नालियों की सफाई करानी चाहिए।उन्होंने कहा कि पूजा और मेले को देखते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्ते की साफ-सफाई एवं जलजमाव की समस्या दूर करना जरूरी है, ताकि भक्तों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर मंदिर नहीं पहुंचना पड़े।पूजा समिति एवं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूजा शुरू होने से पहले मंदिर तक जाने वाले रास्ते और नालियों की समुचित सफाई कराने की मांग की है।










