खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के नयागांव राजपूत टोला में गुरुवार को दो पक्षों के बीच हो रहे आपसी विवाद और मारपीट को देख रहे एक वृद्ध की अचानक तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते वह मूर्छित होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परबत्ता लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नयागांव राजपूत टोला निवासी स्व. कामों साह के 75 वर्षीय पुत्र कुनकुन साह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान कुनकुन साह वहां खड़े होकर विवाद देख रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे मूर्छित होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए परबत्ता सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. विनय कुमार विमल ने बताया कि वृद्ध की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आने की आशंका है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।








