परबत्ता जागृति टोला में युवती की मौत, आत्महत्या की आशंका
खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के कबेला पंचायत अंतर्गत जागृति टोला गांव में बुधवार को करीब 18 वर्षीय युवती की मौत का मामला सामने आने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतका की पहचान जागृति टोला गांव निवासी भुभो मंडल की करीब 18 वर्षीय पुत्री सुलैना कुमारी के रूप में बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद इसकी सूचना पंचायत के मुखिया को दी गई। मुखिया ने तत्काल मामले की जानकारी परबत्ता पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई तथा मामले की प्रारंभिक छानबीन शुरू की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती की मौत आत्महत्या की प्रतीत हो रही है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की मुख्य वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।








