मडैया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-6 की घटना, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड के मडैया थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक 70 वर्षीय वृद्ध की हत्या का मामला सामने आया है। घटना मडैया वार्ड संख्या-6 की है। मृतक की पहचान नट्टू शर्मा के 70 वर्षीय पुत्र सुरेन्द्र शर्मा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मडैया निवासी कोकाय शर्मा के पुत्र उपेंद्र शर्मा और सुरेन्द्र शर्मा के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर पिछले तीन-चार दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर देर रात दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान उपेंद्र शर्मा ने सुरेन्द्र शर्मा के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पड़ोसी उपेंद्र शर्मा और उनके परिवार के सदस्यों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही मडैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
इस संबंध में मडैया थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई थी। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पुलिस ने आरोपित उपेंद्र शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और मारपीट के दौरान हुई परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।








