
बौंसी/बांका। विजयादशमी के पावन अवसर पर बुधवार की देर शाम बौंसी प्रखंड के सीएनडी खेल मैदान में असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक रावण दहन कार्यक्रम पूरे उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया। रावण दहन देखने के लिए बौंसी सहित आसपास के गांवों और दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मैदान में पहुंचे। कार्यक्रम में कटोरिया विधायक पूरणलाल टुडू, भाजपा जिला अध्यक्ष ब्रजेश मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष कोमल भारती, व्यवसायिक कल्याण समिति के अध्यक्ष सुमित सुमन उर्फ सोनू चौधरी तथा सचिव संजीव कुमार साह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शाम ढलते ही खेल मैदान में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। विशालकाय रावण के पुतले के सामने लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जैसे ही रावण के पुतले को अग्नि दी गई, कुछ ही मिनटों में विशाल पुतला धू-धू कर जल उठा। इसके साथ ही पूरा मैदान ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा। रावण दहन के दौरान पटाखों की गूंज और आतिशी नजारों ने माहौल को और आकर्षक बना दिया। सत्य की असत्य पर विजय के इस प्रतीकात्मक क्षण को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने मोबाइल फोन से रावण दहन के दृश्य को कैमरे में कैद करते नजर आए। आयोजन के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एसडीपीओ इन्द्रजीत बैठा तथा इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस बल की तैनाती के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। वहीं, आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति की ओर से बताया गया कि बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। रावण के पुतले के साथ बुराई के प्रतीक का दहन और मैदान में गूंजता जय श्रीराम का जयघोष, बौंसी में विजयादशमी की इस शाम को लंबे समय तक यादगार बना गया।








