
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका:- पुलिस कप्तान अमितेश कुमार के निर्देशानुसार क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आनंदपुर थाना परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। थाना अध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस जवानों को विभिन्न परिस्थितियों से निपटने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। मॉक ड्रिल रिहर्सल के दौरान बीएमपी हवलदार सिकंदर प्रसाद सिंह ने पुलिस जवानों को आत्मरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं का अभ्यास कराया। जवानों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में किस प्रकार तत्परता और संयम के साथ पुलिसिया कार्रवाई करनी है, ताकि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।इसी क्रम में थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने पुलिसकर्मियों को झझवा दुर्गा पूजा मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मेला परिसर में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, जवानों को सतर्क रहकर ड्यूटी निभाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।मॉक ड्रिल के दौरान सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों और बैंक परिसरों सहित संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखना तथा किसी भी अप्रिय घटना से निपटने की क्षमता को मजबूत करना रहा। थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अमन-चैन कायम रखना पुलिस का प्रमुख दायित्व है। इसके लिए पुलिस जवानों का सतर्क, अनुशासित और प्रशिक्षित रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सकता है।इस अवसर पर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार, अवर निरीक्षक रविशंकर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हरेंद्र सिंह, पीटीसी संदीप कुमार, रंजीत कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस जवान एवं महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं।









