*बीडीओ संतोष कुमार पंडित ने सभी विभागों को दिए गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं नियमित रिपोर्ट साझा करने के निर्देश*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड के आईटी भवन सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार पंडित की अध्यक्षता में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम एवं मासिक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीति आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न इंडिकेटरों पर विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान बीडीओ ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित इंडिकेटरों पर विशेष ध्यान देते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य करें तथा कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराएं। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में फाइलेरिया मुक्त पंचायत के लक्ष्य को हासिल करने को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। बीडीओ ने सभी पंचायतों में चिह्नित फाइलेरिया मरीजों की समुचित जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रभावित मरीजों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने में आवश्यक सहयोग देने की बात कही, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कशिश, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. खगेश कुमार, बीएचएम नितेश अभिजात, जीविका की बीपीएम प्रज्ञा कुमारी, आईसीडीएस की रचना कुमारी एवं प्रतिमा कुमारी, पिरामल फाउंडेशन के श्रवण कुमार, सहित पंचायत सचिव एवं विभिन्न विभागों के कर्मी मौजूद रहे।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार।


आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की बैठक









