16.14 लाख से बनी पीसीसी सड़क और 40.78 लाख की लागत से आरसीसी नाला तैयार, जलजमाव से मिलेगी राहत

खगड़िया। नगर परिषद खगड़िया के वार्ड संख्या 26 स्थित सन्हौली बैंक गली में करीब 56.93 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला का उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी ने फीता काटकर किया। इस विकास कार्य से स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन और जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

नगर परिषद के अनुसार, पीसीसी सड़क निर्माण पर 16,14,400 रुपये और आरसीसी नाला निर्माण पर 40,78,800 रुपये खर्च किए गए हैं। दोनों योजनाओं पर कुल 56,93,200 रुपये की राशि खर्च हुई है।

उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद अंजू देवी ने की। मौके पर वार्ड पार्षद बबलू कुमार, पप्पू यादव, रंजीत कुमार, श्रवण कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राज कुमार मंडल समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दिनों में बैंक गली में जलनिकासी की समस्या के कारण सड़क पर पानी जमा हो जाता था। इससे पैदल चलने के साथ-साथ वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती थी। आरसीसी नाला बनने से बारिश के पानी की निकासी बेहतर होने की उम्मीद है, जबकि पीसीसी सड़क से आवागमन सुगम होगा।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सड़क और नाला निर्माण से बैंक गली के लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से नाला में कूड़ा-कचरा नहीं डालने और नवनिर्मित सुविधाओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में सहयोग करने की अपील की।
वार्ड पार्षद अंजू देवी ने सड़क और नाला निर्माण के लिए नगर सभापति एवं नगर परिषद के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह कार्य वार्ड की लंबे समय से चली आ रही जरूरत थी और इससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों में भी खुशी देखी गई।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया











