अभिभावकों से की सतर्क रहने की अपील, हादसे की आशंका को देखते हुए बरती सावधानी
गोगरी/बोरना (खगड़िया)। दैनिक बिहार पत्रिका। बाढ़ के बीच बोरना पंचायत के बड़ी बोरना ढाला पर गहरे पानी में बच्चों और महिलाओं के स्नान करने का मामला सामने आया। स्थिति को देखते हुए मुखिया प्रतिनिधि मो. नासिर इकबाल मौके पर पहुंचे और प्रशासन के सहयोग से लोगों को गहरे पानी में जाने एवं स्नान करने से रोका।
मो. नासिर इकबाल ने बताया कि बड़ी बोरना ढाला के पास बड़ी संख्या में बच्चे और कुछ महिलाएं गहरे पानी के नजदीक स्नान कर रहे थे। बाढ़ के कारण पानी की गहराई और तेज बहाव को देखते हुए यहां दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में नहीं जाने की अपील की गई।
उन्होंने बताया कि एक दिन पहले छोटी बोरना ढाला के पास भी दुर्घटना हो चुकी है। ऐसे में अभिभावकों और ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बच्चों को गहरे पानी के पास जाने या वहां स्नान करने से रोकें और स्वयं भी बाढ़ के पानी में उतरने से बचें।
मुखिया प्रतिनिधि ने कहा कि बाढ़ के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन की ओर से भी लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है। जनप्रतिनिधि भी ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सजग हैं और लोगों से सुरक्षित रहने की अपील कर रहे हैं।











