
29 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, 6 अक्टूबर अंतिम तारीख; 9 अक्टूबर तक नाम वापसी, 27 अक्टूबर को होगी मतगणना
बांका:- बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मंगलवार, 22 सितंबर को कार्यक्रम जारी किए जाने के साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। बिहार में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों पर चुनाव कराया जा रहा है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर, शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर, मंगलवार को कराई जाएगी। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी करने का कार्यक्रम है। चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और इसी के साथ नामांकन की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अभ्यर्थी 6 अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। मतदान के लिए सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक आठ घंटे का समय निर्धारित किया गया है। मतदान के चार दिन बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ संबंधित स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। अब प्रशासनिक स्तर पर चुनाव कार्यक्रम के अनुरूप मतदान की तैयारियां आगे बढ़ेंगी। वहीं निर्वाचन से जुड़ी अगली महत्वपूर्ण तारीख 29 सितंबर होगी, जब अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू होगी।










