
गंदगी मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई का निर्देश, खराब स्ट्रीट लाइटें होंगी दुरुस्त; छठ घाटों और संपर्क मार्गों की व्यवस्था समय से पहले पूरी करने को कहा
बांका:- दुर्गापूजा और छठ पर्व को देखते हुए जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में सफाई, प्रकाश, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है। नगर निकाय क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान कई जगह गंदगी मिलने पर जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने नाराजगी जताई और लापरवाही बरतने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। समाहरणालय सभागार में नगर निकायों के कार्यों तथा विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक में डीएम ने स्वच्छ भारत मिशन 2.0, जल-जीवन-हरियाली, पीएम स्वनिधि, पेयजल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सेवा संकल्प-कायाकल्प, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास और मोक्षधाम योजना समेत कई योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में सबसे अधिक जोर स्वच्छता व्यवस्था पर रहा। डीएम ने नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई व्यवस्था में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जहां गंदगी पाई गई है, वहां जिम्मेदारी तय कर संबंधित कर्मियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। शहरों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। इसके लिए संबंधित एजेंसी से समन्वय स्थापित कर खराब लाइटों की मरम्मत कराने और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर रखने पर जोर दिया गया। आगामी दुर्गापूजा और छठ पर्व को लेकर डीएम ने विशेष तैयारी का निर्देश दिया। खासकर छठ के दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई, घाट तक पहुंचने वाले रास्तों की स्वच्छता तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं को समय से पहले पूरा करने को कहा गया। संबंधित पदाधिकारियों को सभी छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की पहचान करने और पर्व के दौरान लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। नगर निकायों की व्यवस्था पर निगरानी और मजबूत करने के लिए सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को सप्ताह में कम-से-कम दो दिन औचक निरीक्षण करने को कहा गया। इसका उद्देश्य सफाई व्यवस्था और चल रही योजनाओं की वास्तविक स्थिति की नियमित जांच करना है। बैठक में कचरा प्रसंस्करण इकाई और सैनिटरी लैंडफिल साइट को लेकर भी आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन को व्यवस्थित किया जा सके। वहीं, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना और मोक्षधाम योजना के लंबित कार्यों को लेकर बुडको के प्रभारी परियोजना निदेशक को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। लंबित भुगतान से संबंधित मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक बाधा न रहे। डीएम ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए। सफाई, प्रकाश, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारियों की होगी।


BANKA NEWS: दुर्गापूजा-छठ से पहले








