*सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर अधिकारियों ने जताई नाराजगी, नाव मालिकों और नाविकों को दिए निर्देश*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के अगुवानी घाट पर नावों के परिचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। इसी क्रम में अंचलाधिकारी हरिनाथ राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार पंडित एवं परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने संयुक्त रूप से घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नावों के परिचालन में कई खामियां सामने आईं। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए नाव मालिकों एवं नाविकों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नावों का परिचालन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही किया जाना चाहिए।
प्रशासन ने नावों के परिचालन में पाई गई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। इस निरीक्षण का उद्देश्य घाट पर सुरक्षित नाव परिचालन सुनिश्चित करना और यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा करना है।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता।








