*पति समेत चार नामजद, न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची महिला*
खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति समेत चार लोगों पर हथियार के बल पर अपने ढाई वर्षीय बेटे का अपहरण करने और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, रूपौहली गांव निवासी राजिया आफरीन की शादी 20 जुलाई 2021 को मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के मटिहारी गांव निवासी मो. आकिब से हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद पति और ससुराल के लोग पांच लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करने लगे। प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपने बेटे के साथ मायके चली आई।
महिला ने आवेदन में बताया कि 16 अगस्त 2026 को वह अपने बेटे और पिता के साथ परबत्ता स्थित केएमडी कॉलेज में परीक्षा देने गई थी। इसी दौरान उसके पति और तीन-चार अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर हथियार के बल पर उसके पिता को घेर लिया और बच्चे को लेकर चारपहिया वाहन से फरार हो गए।
आरोप है कि बच्चे को वापस मांगने पर पांच लाख रुपये देने या तलाक देने की धमकी दी गई। महिला ने अपनी और बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है।
इस मामले में परबत्ता थाना में प्राथमिकी संख्या 391/26 दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार।




