*गंगा स्नान के दौरान परिजनों से बिछड़ने की आशंका, करना गांव में हुई थी शादी; शव मिलने से इलाके में सनसनी*
खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के अगुवानी गंगा घाट की उपधार में एक 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान चौथम थाना क्षेत्र के आदाबारी गांव निवासी बिजेंद्र सिंह के 22 वर्षीय पुत्र दुलारचंद्र सिंह के रूप में हुई है। मृतक की शादी परबत्ता थाना क्षेत्र के करना गांव निवासी पंकज सिंह की 20 वर्षीय पुत्री सीमा कुमारी के साथ नवंबर 2025 को हुई थी।

मिली जानकारी के अनुसार, दुलारचंद्र सिंह पूर्व से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज पटना में कराया जा रहा था। शुक्रवार को वह अपने परिजनों के साथ अगुवानी गंगा घाट पर स्नान करने आए थे। इसी दौरान वह परिजनों से बिछड़ गए। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद करीब 24 घंटे बाद उनका शव पानी में फूलकर उपधार में ऊपर आ गया। शव दिखाई देते ही घाट पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आपदा मित्र की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही परबत्ता अंचल अधिकारी हरिनाथ राम एवं पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया।
इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष सुमंत कुमार ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया भेज दिया गया है। घटना के बाद मृतक के ससुराल करना गांव और पैतृक गांव आदाबारी में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित।


अगुवानी गंगा घाट की उपधार






