*केरिया गांव में खेलने के दौरान हुआ हादसा, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के केरिया गांव में पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान केरिया गांव निवासी रविंद्र कुमार के पुत्र देवांशु कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, देवांशु कुमार घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और उसमें डूब गया। काफी देर तक बच्चे के नजर नहीं आने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की। बाद में पानी भरे गड्ढे से उसे बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही भरतखंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







