*मथुरापुर लोनीयचक वार्ड नंबर 8 में शुक्रवार शाम हुई वारदात, एसपी शैलेन्द्र सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर किया निरीक्षण; पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के भरतखंड थाना अंतर्गत मथुरापुर लोनीयचक गांव के वार्ड संख्या 8 में शुक्रवार की देर शाम एक 35 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मथुरापुर लोनीयचक निवासी गौतम कुमार चौधरी की पत्नी श्वेता कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब छह बजे महिला को गोली मारी गई। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भरतखंड थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मामले की जानकारी लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों से आवश्यक पूछताछ की।
बताया जाता है कि श्वेता कुमारी की शादी वर्ष 2011 में गौतम कुमार चौधरी के साथ हुई थी। उनका मायका परबत्ता थाना क्षेत्र के कबेला गांव में है। मृतका के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। महिला की हत्या की खबर मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने बताया कि मृतका की पीठ में एक गोली लगी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। एसपी के घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण करने के बाद मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित।


परबत्ता पारिवारिक विवाद में 35





