*परबत्ता प्रखंड मुख्यालय परिसर में वारदात, पांच सीपीयू और आठ मॉनिटर समेत अन्य सामान ले उड़े चोर*
खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित कौशल विकास केंद्र में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने केंद्र की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कंप्यूटर सहित कई महत्वपूर्ण उपकरण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
केंद्र संचालक परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के डुमरिया खुर्द निवासी संजय राय के पुत्र तनमन कुमार ने बताया कि 13 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने कौशल विकास केंद्र की खिड़की तोड़कर अंदर रखे पांच सीपीयू, आठ मॉनिटर, एक सर्वर, बैटरी और इनवर्टर चोरी कर लिया। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे कुछ लोगों के माध्यम से उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने केंद्र पहुंचकर चोरी की स्थिति देखी और परबत्ता थाने में आवेदन देकर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
इधर, परबत्ता थानाध्यक्ष सुमंत कुमार ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित।


कौशल विकास केंद्र का खिड़की





