*छठ घाट निरीक्षण के दौरान थाना से मिले अनुपस्थित, पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर डीआईजी ने की कार्रवाई*
खगड़िया/परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार को बिना छुट्टी स्वीकृत कराए थाना से अनुपस्थित रहने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, बेगूसराय क्षेत्र ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आगामी छठ पूजा को लेकर 13 नवंबर को खगड़िया के पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह परबत्ता क्षेत्र के अगुवानी गंगा घाट का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पाया कि परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार थाना से अनुपस्थित हैं। मामले की जानकारी लेने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोगरी ने बताया कि थानाध्यक्ष तीन दिनों की छुट्टी स्वीकृत होने की बात कहकर थाना से चले गए हैं। हालांकि, पुलिस अधीक्षक कार्यालय से उनकी किसी प्रकार की छुट्टी स्वीकृत नहीं की गई थी।
पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना। छठ पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था को लेकर सभी प्रकार के अवकाश बंद थे। इसी आधार पर पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर डीआईजी ने प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित।







