डॉ राजवर्धन आज़ाद की यह रचना ज्ञान और आत्मचिंतन का स्त्रोत बनेगी — डॉ दिलीप जायसवाल
पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा आज़ाद के पुत्र, प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ और जदयू के एमएलसी डॉ राजवर्धन आज़ाद द्वारा लिखित पुस्तक “आयुष्य” का भव्य विमोचन शुक्रवार को बिहार विधान परिषद के उपभवन सभागार में हुआ। इस अवसर पर समारोह की गरिमा बढ़ाने पहुंचे बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल ने पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने की, जबकि उपसभापति रामवचन राय भी मंचासीन रहे।
विमोचन के उपरांत अपने संबोधन में डॉ दिलीप जायसवाल ने कहा कि “आयुष्य केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि जीवन में आस्था, अन्वेषण और आत्मचिंतन की जीवंत प्रस्तुति है। यह रचना निश्चित ही ज्ञान और चिंतन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध करेगी।”
लेखक डॉ राजवर्धन आज़ाद को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अत्यंत करीबी माना जाता है। वर्ष 2019 में उन्हें झारखंड के गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से जदयू का उम्मीदवार भी बनाया गया था। बाद में जदयू की अनुशंसा पर राजभवन ने उन्हें विधान परिषद के लिए मनोनीत किया और 13 अक्टूबर 2023 को उन्होंने एमएलसी के रूप में शपथ ली। उनका कार्यकाल 16 मार्च 2027 तक निर्धारित है।
गौरतलब है कि डॉ राजवर्धन आज़ाद के बड़े भाई कीर्ति आज़ाद भारतीय क्रिकेट टीम के जाने-माने खिलाड़ी रह चुके हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी भाजपा से शुरू की थी, बाद में कांग्रेस में शामिल हुए और वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस के सक्रिय नेता हैं।
इस विमोचन समारोह में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, चिकित्सक, लेखक और राजनीतिक विश्लेषक उपस्थित रहे, जिन्होंने पुस्तक की विषयवस्तु और लेखक की सोच की सराहना की।
🖋 रिपोर्ट: ANA/Arvind Verma
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 4
Users Yesterday : 34