सुबह 5 बजे से लगी लंबी कतार, एजेंसी से हाईवे तक सिलिंडरों की लाइन — घंटों धूप में खड़े रहे लोग
दैनिक बिहार पत्रिका | खगड़िया। खगड़िया जिले के महेशखूंट राजधाम स्थित गैस एजेंसी पर गैस खत्म होने की अफवाह फैलते ही मंगलवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे हो गए कि सुबह करीब 5 बजे से ही लोग सिलिंडर लेकर एजेंसी पहुंचने लगे। देखते ही देखते एजेंसी परिसर से लेकर मुख्य हाईवे तक सिलिंडरों की लंबी कतार लग गई।
गोगरी, राटन, बौरना समेत आसपास के कई गांवों से सैकड़ों लोग गैस लेने के लिए पहुंच गए। भीड़ इतनी अधिक थी कि लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। कई लोगों ने बताया कि करीब पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा और तेज धूप में खड़े होकर सिलिंडर लेना पड़ा।
लोगों के बीच यह चर्चा फैल गई थी कि गैस की आपूर्ति बंद होने वाली है और एजेंसी पर गैस खत्म हो सकती है। इसी अफवाह के कारण एक साथ बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने पहुंच गए, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुरानी बुकिंग के बावजूद नई दर से वसूले गए पैसे
कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि जिन्होंने करीब सात दिन पहले ऑनलाइन गैस बुकिंग कराई थी, उन्हें भी नई दर के हिसाब से सिलिंडर दिया गया। उपभोक्ताओं का कहना है कि पुरानी दर पर बुकिंग होने के बावजूद उनसे लगभग 60 रुपये अतिरिक्त वसूले गए, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
पांच दिन में एक बार पहुंचती है गैस की गाड़ी
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस की गाड़ियां गांवों तक नियमित रूप से नहीं पहुंच रही हैं, जिसके कारण लोगों को सीधे एजेंसी गोदाम पर आकर सिलिंडर लेना पड़ रहा है।
वहीं एजेंसी कर्मियों ने बताया कि खपत के अनुसार गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। गैस की गाड़ी लगभग पांच दिनों के अंतराल पर आती है, जिसके कारण एक साथ भीड़ जमा हो जाती है और वितरण में परेशानी होती है।
एजेंसी कर्मियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है और जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 12
Users Yesterday : 13