खगड़िया। खगड़िया के जननायक कर्पूरी ठाकुर इंटर स्तरीय विद्यालय में मंगलवार को विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने की। इस दौरान विद्यालय के विकास, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे किसी परिवार, समाज और देश का भविष्य बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार लगातार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण पढ़ाई से वंचित न रहे।
विधायक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा छात्र-छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए साइकिल योजना, पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, पुस्तक सहायता योजना समेत कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य बच्चों को विद्यालय तक पहुंचाना ही नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर बेहतर नागरिक बनाना है।
उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने वाले बच्चे ही आगे चलकर अपने माता-पिता, गांव और जिले का नाम रोशन करते हैं। विधायक ने बच्चों को बुरी संगति और नशे जैसी आदतों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि गलत रास्ता बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बना देता है।
उन्होंने कहा कि जिस बच्चे के हाथ में किताब होती है, उसका भविष्य उज्ज्वल होता है। शिक्षा ही गरीब परिवारों की तकदीर बदलने की सबसे बड़ी ताकत है। विधायक ने उदाहरण देते हुए कहा कि आज साधारण परिवारों के कई बच्चे पढ़ाई के बल पर डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासक और बड़े अधिकारी बनकर समाज में नई पहचान स्थापित कर रहे हैं।
विधायक बबलू मंडल ने कहा कि यदि छात्र मन लगाकर पढ़ाई करें और शिक्षक व अभिभावक सही मार्गदर्शन दें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने शिक्षकों से भी सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की अपील की और कहा कि बीते समय की कमियों को भूलकर नई ऊर्जा और उत्साह के साथ बच्चों के बेहतर भविष्य निर्माण की दिशा में काम करना होगा।
बैठक के दौरान विधायक ने विद्यालय में प्रयोगशाला निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में प्रयोगशाला की अहम भूमिका है और छात्रों को विज्ञान शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय में जल्द ही प्रयोगशाला निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज निर्माता होते हैं और बच्चों के चरित्र एवं भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसलिए शिक्षकों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों को शिक्षित करने का कार्य करना चाहिए।
बैठक में विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य सोनी कुमारी, जदयू नेता दीपक सिन्हा, विनय पटेल सहित कई शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय के विकास और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर अपने विचार रखे।
अंत में विधायक ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और विद्यालयों को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा।
रिपोर्ट: नैयर आलम, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 0
Users Yesterday : 185