ईद-उल-अजहा पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील, ओलमा काउंसिल ने जारी की गाइडलाइन

कटोरिया (बांका)। ईद-उल-अजहा यानी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप मनाने को लेकर ओलमा काउंसिल बांका की ओर से महत्वपूर्ण अपील जारी की गई है। काउंसिल के जिला अध्यक्ष मुफ्ती मोहम्मद कमाल मुस्तफा एवं जिला सचिव मुफ्ती मोहम्मद मुस्तकीम अहमद ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि ईद-उल-अजहा की नमाज 28 मई, गुरुवार को अदा की जाएगी।

दोनों धर्मगुरुओं ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बकरीद का पर्व पूरी अकीदत, भाईचारे और अमन-चैन के माहौल में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह पर्व त्याग, कुर्बानी और इंसानियत का संदेश देता है, इसलिए सभी लोग सामाजिक सौहार्द और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।

जिला सचिव मुफ्ती मोहम्मद मुस्तकीम अहमद ने बताया कि कुर्बानी करने वालों के लिए ओलमा काउंसिल की ओर से कुछ आवश्यक गाइडलाइन जारी की गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान, सड़क, चौराहे या आम जगहों पर जानवरों की कुर्बानी न करें। कुर्बानी के दौरान पर्दे का विशेष ध्यान रखा जाए तथा साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी प्रकार की गंदगी न फैले।

उन्होंने यह भी अपील की कि कुर्बानी के दौरान फोटो या वीडियो बनाने से बचें और किसी भी प्रकार की सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें। उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल अल्लाह की रज़ा और इबादत के उद्देश्य से की जानी चाहिए।

वहीं जिला अध्यक्ष मुफ्ती मोहम्मद कमाल मुस्तफा ने कहा कि ईद-उल-अजहा केवल जानवर की कुर्बानी का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपने अंदर की बुराइयों, नफरत, गलत सोच और बुरे विचारों को त्यागने का भी संदेश देता है। उन्होंने लोगों से सत्य और इंसानियत के रास्ते पर चलने की अपील करते हुए कहा कि समाज में भाईचारा, प्रेम और सद्भाव कायम रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि इंसान को ऐसी सोच से दूर रहना चाहिए जो समाज में नफरत और बगावत को बढ़ावा देती हो। एक अच्छे नागरिक और नेक इंसान के रूप में जीवन व्यतीत करना ही इस पर्व की असली भावना है।

अंत में ओलमा काउंसिल बांका, बिहार की ओर से राज्य और देश की तरक्की, खुशहाली तथा आपसी अमन-चैन और भाईचारे के लिए ईद की नमाज में विशेष दुआ करने की अपील की गई।

रिपोर्ट: दिलावर अंसारी, दैनिक बिहार पत्रिका 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

083556
Users Today : 3
Users Yesterday : 24