खगड़िया । जिले में आगामी 27 मई 2026 को आयोजित होने वाले बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आज जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्वेता भारती, अपर समाहर्ता आरती, अनुमंडल पदाधिकारी खगड़िया सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खगड़िया-1 एवं 2, अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विधि-व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्रशासन को दी। अधिकारियों ने विशेष रूप से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था कायम रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें तथा सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो, फोटो अथवा संदेशों की सत्यता की पुष्टि साइबर सेल या प्रशासनिक माध्यमों से अवश्य कर लें।
प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम को लेकर समाज में तनाव फैलाने, धार्मिक भावना भड़काने या भीड़ को उकसाने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
बैठक में संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, पुलिस गश्ती बढ़ाने, दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा पर्व के दौरान आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
अंत में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग संयम, आपसी सम्मान और सद्भाव के साथ बकरीद पर्व मनाएं तथा जिले की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखें।
रिपोर्ट: नैयर आलम, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 3
Users Yesterday : 24