भव्य शोभायात्रा, सत्संग और भजन संध्या में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब
खगड़िया। माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्राथमिक विद्यालय कमलपुर और नन्हकू मंडल टोला में संत शिरोमणि रविदास जी की 648वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक रामलखन प्रसाद पासवान एवं जदयू के जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने संयुक्त रूप से समारोह की अध्यक्षता की।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। संत रविदास जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने “मन चंगा तो कठौती में गंगा” और “संत शिरोमणि रविदास जी की जय” के जयकारे लगाए।
समारोह को संबोधित करते हुए रामलखन प्रसाद पासवान ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन मानव कल्याण को समर्पित था। वे हमेशा समाज में फैली बुराइयों को दूर करने के लिए प्रवचन, दोहे और भजन के माध्यम से जनजागरण करते रहे। उन्होंने प्रेम, एकता और समानता का संदेश दिया और समाज सुधार के लिए संघर्ष किया।
आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि संत रविदास जी भक्ति आंदोलन के रहस्यवादी कवि और महान संत थे। उनके भक्ति गीतों और छंदों ने समाज पर स्थायी प्रभाव डाला है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमें यह सिखाते हैं कि अहंकार और अभिमान से मुक्त व्यक्ति ही जीवन का आनंद प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि जहां प्रेम नहीं, वहां नर्क है और जहां प्रेम है, वहीं स्वर्ग है।
इस अवसर पर शिक्षक सनातन कुमार, डॉ. पुरातन गांधी, शिक्षक संजय गांधी, मेनका देवी, कला देवी, राजकुमारी देवी, सुमित्रा देवी, ईशा देवी, दीपक कुमार पासवान, हरवंश कुमार, डॉ. नवीन कुमार पासवान, केपी समदर्शी, नवल किशोर सहनी, सूरज दास, भुनेश्वर पासवान एवं सूर्यवंश कुमार सहित कई श्रद्धालु और साधु-संत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में गायक संतो द्वारा सत्संग एवं संत रविदास जी रचित भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए और भक्ति भाव में सराबोर हो उठे।
ब्यूरो रिपोर्ट— दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 20
Users Yesterday : 24