बच्चों की प्रतिभा और सामाजिक संदेशों से गूंजा मड़ैया नाट्य कला परिषद
परबत्ता, खगड़िया: परबत्ता प्रखंड अंतर्गत मड़ैया नाट्य कला परिषद में ज्ञानम पाठशाला के वार्षिक महोत्सव का आयोजन भव्य तरीके से किया गया। इस अवसर पर क्यूज प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक संदेशों से भरे नाट्य मंचन का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञानम पाठशाला के डायरेक्टर अमृत आर्यन और प्राचार्य आदित्य राज आनंद के नेतृत्व में हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसके बाद सभी गणमान्य अतिथियों को अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया।
बच्चों में ज्ञानवर्धन का माध्यम बनी क्यूज प्रतियोगिता
क्यूज प्रतियोगिता का सफल संचालन विक्रम कुमार शर्मा द्वारा किया गया, जबकि अध्यक्षता स्वयं अमृत आर्यन ने की। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी बुद्धिमत्ता, तर्कशक्ति और ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में ग्रुप-1 से सोनाक्षी कुमारी और ज्योति कुमारी, जबकि ग्रुप-2 से सचिन कुमार और दिव्यांशु कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजयी प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं शिल्ड देकर सम्मानित किया गया।
देशभक्ति और सामाजिक संदेशों से सराबोर हुआ मंच
क्यूज प्रतियोगिता के साथ-साथ छात्रों ने देशभक्ति गीतों और नाटक के माध्यम से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। ज्ञानम पाठशाला के छात्रों ने शहीद कैप्टन आनंद सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिसने पूरे माहौल को देशप्रेम से भर दिया।
डायरेक्टर अमृत आर्यन द्वारा लिखित दहेज प्रथा पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी अभिभावकों और ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया। इस नाटक ने समाज में दहेज जैसी कुरीति के खिलाफ एक सशक्त संदेश दिया, जिसे दर्शकों ने तालियों की गूंज से सराहा।
समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक करने की अनूठी पहल
अपने संबोधन में ज्ञानम पाठशाला के डायरेक्टर अमृत आर्यन ने कहा,
“मैं मड़ैया गांव के एक साधारण किसान परिवार से हूं। मैंने भी यहां के गुरुजनों से शिक्षा प्राप्त की है, और आज मेरी प्राथमिकता यही है कि इस समाज के बच्चों को बेहतरीन शिक्षा और संस्कार मिलें, ताकि वे देश का नाम रोशन कर सकें।”
उन्होंने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों – पांडव सर, सनोवर आलम और अंकित सर को देते हुए आभार प्रकट किया।
ग्रामवासियों ने की आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा
इस भव्य आयोजन में मां दुर्गा समिति के सचिव नित्यानंद पोद्दार, मेला मालिक मंटू शर्मा, राजेश अग्रवाल, पूर्व मुखिया डॉ. रामविलास शर्मा, वैसा पंचायत के मुखिया शिव यादव, सुनील चौरसिया समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
सभी ने ज्ञानम पाठशाला द्वारा आयोजित इस शैक्षिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की और इसे मड़ैया गांव के लिए शिक्षा जगत में एक ऐतिहासिक पहल बताया।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 4
Users Yesterday : 94